Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

राष्ट्रगीत विवाद पर MP की सियासत गरम, सीएम ने कांग्रेस से मांगा इस्तीफा

इंदौर नगर निगम में ‘वंदे मातरम्’ गाने से इनकार को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कांग्रेस पर कड़ा हमला बोला।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि यह बेहद खेदजनक है कि कांग्रेस की एक पार्षद ने खुलेआम ‘वंदे मातरम्’ गाने से इनकार किया। उन्होंने इसे देशभक्ति की भावना के खिलाफ बताया और कहा कि इस घटना ने कांग्रेस का असली चेहरा उजागर कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से सवाल करते हुए पूछा कि ऐसे मामलों में पार्टी की क्या नीति है और क्या ऐसे जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई की जाएगी।

इंदौर नगर निगम में बजट सत्र के दौरान यह मामला सामने आया, जहां कांग्रेस पार्षद फौजिया शेख अलीम और निर्दलीय पार्षद रुबीना इकबाल खान ने कथित तौर पर ‘वंदे मातरम्’ गाने से इनकार किया। बताया जा रहा है कि एक पार्षद ने धार्मिक कारणों का हवाला दिया।

सीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को ऐसे जनप्रतिनिधियों पर स्पष्ट कार्रवाई करनी चाहिए, अन्यथा उसे जनता के सामने जवाब देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘वंदे मातरम्’ की भावना से एकजुट हो रहा है, जबकि कांग्रेस इस मुद्दे पर दोहरे मापदंड अपना रही है।

इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में माहौल गरमा गया है और दोनों पक्षों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

Share:

Leave A Reviews

Related News