
उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत घुलघुली में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब धनवाही डैम के ओवरफ्लो स्पॉट पर एक अज्ञात युवक का शव पानी में फंसा हुआ देखा गया। डैम में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना तत्काल नौरोजाबाद थाना पुलिस को दी। धनवाही डैम में अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का मुआयना किया।
डैम के ओवरफ्लो पॉइंट पर पानी का बहाव अत्यंत तेज और पथरीला होने के कारण शव को सीधे तौर पर बाहर निकालना पुलिस और स्थानीय लोगों के लिए जोखिम भरा साबित हो रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (SDRF) की रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया।
एसडीआरएफ के जवानों ने तुरंत राहत व बचाव अभियान शुरू किया और रस्सियों व सुरक्षा उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को विधिवत अपने कब्जे में लिया।
नौरोजाबाद थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम और शिनाख्त की औपचारिकताओं के लिए नौरोजाबाद स्थित रीजनल अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, आसपास के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी (गुम इंसान) के मामलों की जांच की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया और स्थानीय माध्यमों से मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शिनाख्त होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हादसा था, डूबने की घटना या फिर इसके पीछे कोई अन्य आपराधिक साजिश है।
Leave A Reviews