
सिवनी जिले में कोतवाली पुलिस ने छिंदवाड़ा ब्रिज पर घेराबंदी कर एक कंटेनर को पकड़ा। कंटेनर के भीतर 70 से अधिक गौवंश को क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पुलिस ने वाहन को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है और सभी मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि जबलपुर की ओर से एक कंटेनर में बड़ी तादाद में मवेशियों को भरकर सिवनी के रास्ते नागपुर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस दल ने छिंदवाड़ा ब्रिज पर सघन चेकिंग शुरू की। बताए गए हुलिए का वाहन आते ही पुलिस ने उसे रोक लिया।
कंटेनर खोलने पर अंदर का दृश्य बेहद अमानवीय था। पशुओं के मुंह, गर्दन और पैर रस्सियों से कसकर बंधे हुए थे और उन्हें एक-दूसरे के ऊपर ठूंसा गया था। वाहन में न तो हवा और रोशनी की व्यवस्था थी और न ही चारे-पानी का कोई प्रबंध था। दम घुटने की वजह से कई पशु अचेत हालत में पाए गए।
पुलिस ने तुरंत सभी गौवंश को बाहर निकालकर प्राथमिक राहत पहुंचाई। करीब 10 लाख रुपये मूल्य का कंटेनर जब्त कर रक्षित केंद्र में रखवाया गया है। सभी मवेशियों को सुरक्षित संरक्षण के लिए बींझावाड़ा स्थित दयोदय जीव रक्षा संस्थान भेज दिया गया।
पुलिस ने पकड़े गए वाहन चालक बहार ए आलम (निवासी जाहिद नगर करुला, कटघर, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
Leave A Reviews