
उमरिया। ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा और प्रख्यात निशानेबाज व ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग शनिवार को मध्य प्रदेश के विश्वप्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व पहुंचे। दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने रिजर्व के प्रमुख 'ताला गेट' से प्रवेश कर लगभग चार घंटे तक सघन जंगल सफारी का आनंद लिया और प्राकृतिक परिवेश में वन्यजीवों की अठखेलियों को बेहद करीब से देखा। खेल जगत की इन प्रमुख हस्तियों के आगमन को लेकर टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा सुरक्षा व व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए थे।
शनिवार प्रातः ताला प्रवेश द्वार से वन क्षेत्र में दाखिल होने के बाद नीरज चोपड़ा और गगन नारंग ने रिजर्व के विभिन्न सघन व सुरम्य वन क्षेत्रों का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान संबंधित क्षेत्र के वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) और सहायक संचालक भी विशेष रूप से उनके साथ मौजूद रहे, जिन्होंने दोनों एथलीटों को बांधवगढ़ की अनूठी जैव विविधता, बाघों के संरक्षण और वन्यजीव गलियारों की विस्तृत जानकारी दी।
जंगल सफारी का रोमांच अनुभव करने के उपरांत नीरज चोपड़ा ने बांधवगढ़ के नैसर्गिक वनांचल को 'बेहद सुंदर और प्रेरणादायी' बताया। इस दौरान युवा पीढ़ी को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन और खेल में बड़ी कामयाबी हासिल करने के लिए एक मजबूत और समर्पित सपोर्ट सिस्टम का होना अत्यंत आवश्यक है। वहीं गगन नारंग ने भी बांधवगढ़ के शांत और सुरम्य वातावरण की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे देश की अमूल्य 'प्राकृतिक धरोहर' करार दिया और वनों व वन्यजीवों के संरक्षण पर बल दिया।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक जीतेंद्र अवासे ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों ओलंपियनों को यहां का प्राकृतिक परिवेश और वन्यजीवन बहुत पसंद आया। रिजर्व के फील्ड स्टाफ और अधिकारियों ने दोनों राष्ट्रीय खेल नायकों का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें वन संपदा की विशेषताओं से रूबरू कराया। दोनों खिलाड़ियों के बांधवगढ़ आगमन से स्थानीय प्रशंसकों और पर्यटकों में भी खासा उत्साह देखा गया।
Leave A Reviews