
मंडला. अंजनियां चौकी क्षेत्र के अहमदपुर चौराहे पर बुधवार सुबह सड़क किनारे खड़े ट्राला में तेज रफ्तार 12 चक्का ट्रक पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में ही फंस गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, एनएचएआई की टीम और स्थानीय लोगों ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक को बाहर निकाला।
हादसे में ट्रक चालक के पैर में गंभीर चोट आई है। केबिन से बाहर निकालने के बाद उसे प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मंडला रेफर किया गया। घटना के चलते कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही।
जानकारी के अनुसार, 22 चक्का ट्राला क्रमांक RJ 11 GB 8562 रायपुर से तार के बंडल लेकर भिवाड़ी, राजस्थान जा रहा था। रात करीब डेढ़ बजे अहमदपुर चौराहे के पास ट्राला का सॉफ्ट/बोनट पार्ट टूट गया। वाहन खराब होने के बाद चालक राकेश कुमार निवासी अलवर ने ट्राला को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। सुरक्षा के लिए उसने वाहन के आगे और पीछे संकेतक भी लगाए थे।
बुधवार सुबह रायपुर की ओर से मंडला जा रहा 12 चक्का ट्रक क्रमांक MP 20 ZS 3762 इसी खड़े ट्राला के पीछे जा भिड़ा। टक्कर के समय ट्राला चालक राकेश कुमार ने किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। वहीं ट्रक चला रहे इंद्रजीत पटेल निवासी मैहर को संभलने का मौका नहीं मिला और वह क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया।
टक्कर के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही अंजनियां चौकी पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। केबिन में फंसे चालक को निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया गया। ट्रक के क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने में काफी समय लगा और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद इंद्रजीत पटेल को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
पुलिस ने घायल चालक को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए भेजा। पैर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल मंडला रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति को लेकर जांच कर रही है।
Leave A Reviews