
बेरूत. इजराइल ने दावा किया है कि उसने लेबनान की राजधानी बेरूत में किए गए बड़े हवाई हमलों में हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम के करीबी सहयोगी और निजी सचिव अली यूसुफ हर्षी को मार गिराया है। इजरायली रक्षा बल (IDF) ने गुरुवार को यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि हर्षी हिजबुल्लाह के महासचिव नईम कासिम के कार्यालय के प्रबंधन और सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते थे।
आईडीएफ के अनुसार, बुधवार रात बेरूत सहित लेबनान के कई हिस्सों में समन्वित हवाई अभियान चलाया गया, जिसमें हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाते हुए लगभग 100 मिसाइलें दागी गईं। इजराइल का कहना है कि हमलों में हिजबुल्लाह के हथियार भंडार, लॉन्चर, मुख्यालय और दक्षिणी लेबनान के कई रणनीतिक ठिकाने तबाह किए गए।
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, इन हमलों में अब तक 182 लोगों की मौत और 800 से अधिक लोग घायल हुए हैं। बेरूत, दक्षिणी लेबनान और बेका घाटी के कई इलाकों में भारी तबाही की खबर है।
इजराइल ने आरोप लगाया है कि हिजबुल्लाह नागरिक क्षेत्रों का इस्तेमाल सैन्य गतिविधियों के लिए कर रहा था, हालांकि स्थानीय प्रशासन और निवासियों ने इन दावों का खंडन किया है।
वहीं, क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के बीच ईरान ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य बंद करने का दावा किया है और लेबनान में शत्रुता समाप्त करने की मांग उठाई है। इस घटनाक्रम ने पश्चिम एशिया में युद्धविराम की संभावनाओं पर भी असर डाला है।
Leave A Reviews