
शिवपुरी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। सिरसौद थाना क्षेत्र के टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास मुर्गी दाने से भरा एक ट्रक सड़क किनारे खड़े ऑटो पर पलट गया। इस हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, तेंदुआ थाना क्षेत्र के राजगढ़ गांव निवासी वीरेंद्र शाक्य (25) की शादी शुक्रवार को शिवपुरी की संजय कॉलोनी निवासी राजेश्वरी शाक्य से हुई थी। दोनों ने परिवार की मौजूदगी में मंदिर में विवाह किया था।
शादी के अगले दिन शनिवार को दूल्हा-दुल्हन, दूल्हे की मां अन्वेश शाक्य (50), भाभी राजो शाक्य (22), बहन भूरिया शाक्य (19) और एक ड्राइवर के साथ ऑटो से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान टोंगरा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास ऑटो खड़ा किया गया था।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे मुर्गी दाने से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर वहां पहुंचा और खड़े ऑटो पर पलट गया। ट्रक के नीचे दूल्हा-दुल्हन, मां और भाभी दब गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने जेसीबी की मदद से रेस्क्यू किया और करीब आधे घंटे बाद सभी को बाहर निकाला गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि दूल्हे की बहन भूरिया शाक्य की लगन की रस्म भी आज ही होनी थी, जो इस हादसे के कारण मातम में बदल गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्रक के पलटने की घटना साफ दिखाई दे रही है।
Leave A Reviews