
मणिपुर में एक बार फिर हिंसा तेज हो गई है। उग्रवादी हमले में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान शहीद हो गए हैं, जिससे राज्य में तनाव और बढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार, उखरुल जिले में शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे 170वीं बटालियन के कांस्टेबल मिथुन मंडल गश्त पर थे। इसी दौरान मोंगकोट चेपु क्षेत्र में उन्हें गोली लगी। गंभीर हालत में उन्हें इंफाल के रिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां शाम 6 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। शहीद जवान पश्चिम बंगाल के भगजन टोला गांव के निवासी थे।
इस घटना पर मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जवान का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
फरवरी से जातीय हिंसा की घटनाओं से जूझ रहे राज्य में हालात को देखते हुए सरकार ने पांच जिलों—इंफाल वेस्ट, इंफाल ईस्ट, थौबल, ककचिंग और बिष्णुपुर में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध दो दिन के लिए और बढ़ा दिया है। प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलने की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
वहीं मणिपुर पुलिस ने हिंगगांग थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों पर हमला करने और हथियार छीनने की कोशिश के आरोप में छह युवकों को गिरफ्तार किया है। राज्य में उग्रवादियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Leave A Reviews