
ओडिशा के कोरापुट जिले में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां सवारियों से भरी स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की वॉल्वो बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए।
यह दुर्घटना पोट्टांगी ब्लॉक के सुनकी घाट रोड पर सुबह करीब 3 बजे हुई। बस भवानीपटना से विशाखापत्तनम जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 30 फीट गहरी खाई में गिर गई।
हादसे के बाद पोट्टांगी, सेमिलिगुडा और जयपुर फायर स्टेशन की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। खाई में गिरी बस से यात्रियों को निकालना काफी मुश्किल रहा, लेकिन बचाव दल ने सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
बस में करीब 25 यात्री सवार थे। घायलों को पोट्टांगी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां भवानीपटना के एक 40 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। मृतक और घायलों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
Leave A Reviews