Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

उमरिया में बाघिन की करंट लगने से मौत, शिकार के आरोप में 5 गिरफ्तार

उमरिया। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में बाघिन के शिकार के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन शिकारियों ने जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिजली का करंट बिछाया था, जिसकी चपेट में आने से एक बाघिन की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश राज्य वन विकास निगम के चंदिया परियोजना परिक्षेत्र अंतर्गत चंदवार बीट के कक्ष क्रमांक पीएफ-111 के राजस्व क्षेत्र में सोमवार को एक बाघिन का शव मिला था। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव जब्त कर जांच शुरू की।

मंगलवार को हुए पोस्टमार्टम में पुष्टि हुई कि मृत बाघिन की उम्र लगभग सात वर्ष थी और उसकी मौत करंट लगने से हुई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 28 और 29 मार्च की रात जंगली सूअर, चीतल सहित अन्य वन्यजीवों के शिकार के लिए बिजली का जाल बिछाया था।

वन विभाग के अनुसार, बाघिन की मौत के बाद आरोपी घबरा गए और घटनास्थल से दूरी बना ली। बाद में क्षेत्र से गुजर रहे ग्रामीणों ने शव देखकर वन विभाग को सूचना दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश, नाथू, पुरुषोत्तम, संजय और अल्लू के रूप में हुई है। सभी आरोपी मझगंवा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

संभागीय प्रबंधक अमित पटौदी ने बताया कि मामले की जांच 6 अप्रैल से जारी थी और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गुरुवार रात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

 
Share:

Leave A Reviews

Related News