हैदराबाद, 21 जून (आईएएनएस)। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में रविवार को नीट यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा शांतिपूर्ण और सुचारू ढंग से आयोजित की गई।
![]()
हैदराबाद, 21 जून (आईएएनएस)। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में रविवार को नीट यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा शांतिपूर्ण और सुचारू ढंग से आयोजित की गई।
तेलुगु राज्यों में 1.37 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा में शामिल हुए।
परीक्षा के बाद छात्रों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आईं। जहां कुछ छात्रों ने कहा कि यह टेस्ट 3 मई को हुई परीक्षा की तुलना में काफी आसान था। वहीं, कुछ छात्रों ने इसे ज्यादा मुश्किल बताया।
ज्यादातर छात्रों को टेस्ट का फिजिक्स सेक्शन मुश्किल लगा। उन्होंने केमिस्ट्री को औसत और बायोलॉजी को ठीक-ठाक बताया।
तेलंगाना के 24 शहरों में फैले 208 परीक्षा केंद्रों पर 72,000 से ज्यादा छात्र नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट-यूजी) की दोबारा परीक्षा में शामिल हुए।
आंध्र प्रदेश में 27 शहरों के 185 सेंटर्स पर 65,000 से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा दी।
दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक होने वाली परीक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। दिव्यांग कैंडिडेट्स को शाम 6.20 बजे तक परीक्षा लिखने की अनुमति दी गई थी।
कैंडिडेट्स सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक सेंटर्स पर पहुंचने लगे थे। दोपहर 1.30 बजे के बाद किसी भी कैंडिडेट को परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई। अधिकारियों ने पूरी जांच और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के बाद ही स्टूडेंट्स को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश करने दिया।
यह परीक्षा पेन-पेपर आधारित ऑप्टिकल मार्क रिकग्निशन (ओएमआर) मोड में आयोजित की गई थी।
3 मई को प्रश्न-पत्र लीक होने के कारण नीट परीक्षा रद्द होने को ध्यान में रखते हुए, अधिकारियों ने इस परीक्षा को सुचारू, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे।
तेलंगाना और आंध्र प्रदेश, दोनों राज्यों के सड़क परिवहन निगमों ने परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए उनके हॉल टिकट दिखाने पर मुफ्त यात्रा की घोषणा की थी।
पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया गया था।
कुछ जगहों पर पुलिस अधिकारियों ने उन उम्मीदवारों की मदद की, जो गलत परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे।
ओस्मानिया यूनिवर्सिटी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर महेश कुमार गौड़ ने एक उम्मीदवार को समय पर उसके परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में मदद की, क्योंकि वह गलती से ओस्मानिया यूनिवर्सिटी इलाके में ही किसी गलत जगह पर पहुंच गई थी। इंस्पेक्टर ने उसे अपनी सरकारी गाड़ी में बिठाया और यह पक्का किया कि वह परीक्षा शुरू होने से पहले सही परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाए।
त्रिमुलघेरी पुलिस स्टेशन के एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने एक उम्मीदवार और उसके पिता को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया, क्योंकि वे गलत जगह पर पहुंच गए थे।
हैदराबाद के एक परीक्षा केंद्र पर दिल दहला देने वाला नजारा देखने को मिला, जब दोपहर 1.30 बजे के बाद पहुंचने पर एक उम्मीदवार को परीक्षा में बैठने की इजाजत नहीं मिली और वह रो पड़ी। उम्मीदवार के पिता ने सुरक्षाकर्मियों के पैर छुए और उनसे बेटी को परीक्षा देने की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि तकनीकी खराबी के कारण उन्हें समय पर परीक्षा केंद्र नहीं मिल पाया था।
तेलंगाना के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम ने नीट की दोबारा परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए मुफ्त परिवहन सुविधा दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पिछले महीने परीक्षा को ठीक से आयोजित करने में बुरी तरह नाकाम रही, जिसके कारण प्रश्न पत्र लीक हो गया। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होने से देश भर के छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए था।
--आईएएनएस
पीएसके/डीकेपी
Leave A Reviews