Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

झारखंड से नाबालिग लड़की सकुशल बरामद, फर्जी वीडियो कॉल कर पैसे मांगने वाले अज्ञात लोगों पर केस


पुणे, 21 जून (आईएएनएस)। पुणे के कोंढवा इलाके से लापता हुई नाबालिग लड़की को पुलिस ने झारखंड के टाटानगर से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब लड़की के पिता को अज्ञात लोगों ने वीडियो कॉल कर दावा किया कि उनकी बेटी उनके कब्जे में है और उसे छोड़ने के बदले पैसों की मांग की।

पुणे, 21 जून (आईएएनएस)। पुणे के कोंढवा इलाके से लापता हुई नाबालिग लड़की को पुलिस ने झारखंड के टाटानगर से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में उस समय नया मोड़ आया, जब लड़की के पिता को अज्ञात लोगों ने वीडियो कॉल कर दावा किया कि उनकी बेटी उनके कब्जे में है और उसे छोड़ने के बदले पैसों की मांग की।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कोंढवा बुद्रुक में रहने वाले और मूलरूप से बिहार के निवासी एक व्यक्ति ने 18 जून को अपनी 17 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसके बाद कोंढवा पुलिस स्टेशन में अपहरण का मामला दर्ज किया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर लड़की की तलाश कर रही थी। इसी बीच लड़की के पिता के मोबाइल पर एक वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले लोगों ने कहा कि उनकी बेटी उनके पास है। उन्होंने पिता को एक यूपीआई स्कैनर भी भेजा और पैसे की मांग की।

घटना की जानकारी मिलते ही कोंढवा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुणे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत विशेष टीमों को जांच में लगाया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि लड़की पुणे रेलवे स्टेशन से आजाद हिंद एक्सप्रेस ट्रेन में बैठी थी, जो हावड़ा की ओर जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने रेलवे अधिकारियों से संपर्क किया। जानकारी मिली कि ट्रेन झारखंड के टाटानगर स्टेशन पहुंचने वाली है।

तुरंत टाटानगर रेलवे पुलिस और ट्रेन स्टाफ से संपर्क किया गया। उनकी मदद से लड़की को ट्रेन में ढूंढ लिया गया और सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया गया। बाद में कोंढवा पुलिस की टीम और लड़की के परिजन टाटानगर पहुंचे और लड़की को सकुशल वापस लाया गया।

इस मामले में वीडियो कॉल कर पैसे मांगने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ भी कोंढवा पुलिस स्टेशन में अलग से मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उनकी पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लड़की पूरी तरह सुरक्षित है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह घर से किस परिस्थिति में निकली और वीडियो कॉल कर पैसे मांगने वाले लोग कौन थे?

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share:

Leave A Reviews

Related News