
शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मंगलवार शाम करैरा पुलिस लाइन के पास स्थित एक तालाब में एक महिला और उसके 6 वर्षीय मासूम बेटे के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही करैरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की सहायता से दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला।
तालाब से शवों को बाहर निकालने के बाद जो दृश्य सामने आया, उसने पुलिस और वहां मौजूद ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया। महिला ने अपने 6 वर्षीय मासूम बेटे को अपने ही दुपट्टे से अपने शरीर से कसकर बांध रखा था। मृतकों की पहचान शिवानी (33) पत्नी भूपेंद्र विश्वकर्मा (निवासी एलआईसी ऑफिस के पीछे, करैरा) और उनके बेटे भोलू (6) के रूप में हुई है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक और वैज्ञानिक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस इसे केवल आत्महत्या मानकर नहीं चल रही है। करैरा थाना प्रभारी विनोद छाबई ने बताया, "प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हम हत्या के एंगल को भी खारिज नहीं कर सकते। पुलिस हर संभावित एंगल से गहराई से छानबीन कर रही है।"
प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि मृतका शिवानी पिछले करीब डेढ़ महीने से अपने पति भूपेंद्र विश्वकर्मा से अलग रह रही थी। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी पारिवारिक तनाव और विवाद के चलते महिला ने यह खौफनाक कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वे महिला के पति भूपेंद्र विश्वकर्मा के बयान दर्ज करेंगे और अन्य पारिवारिक सदस्यों से भी पूछताछ करेंगे, ताकि घटना की तह तक पहुंचा जा सके।
करैरा में एक साथ दो मौतों से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस की जांच जारी है।
Leave A Reviews