
मंदसौर जिले में लोकायुक्त पुलिस उज्जैन की टीम ने मंगलवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए कयामपुर ग्राम पंचायत के कम्प्यूटर ऑपरेटर दीपक नाथ को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किस्त जारी कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
कयामपुर निवासी गोरधन उर्फ कारुलाल माली के नाम से प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ था। पहली और दूसरी किस्त मिलने के बाद तीसरी किस्त के 40 हजार रुपये जारी करवाने के लिए हितग्राही ने ग्राम पंचायत के कम्प्यूटर ऑपरेटर से संपर्क किया। इसके एवज में आरोपी ने 10 हजार रुपये की मांग रखी, लेकिन बाद में सौदा 8 हजार रुपये में तय हुआ। शिकायतकर्ता से आरोपी 2 हजार रुपये पहले ही ले चुका था।
पीड़ित ने 1 अक्टूबर को मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन से की। लोकायुक्त निरीक्षक हिना डाबर द्वारा की गई गोपनीय जांच और बातचीत की रिकॉर्डिंग में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। पुष्टि के बाद लोकायुक्त दल ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
योजना के अनुसार गोरधन माली को शेष 6 हजार रुपये लेकर भेजा गया। डिगांव-बसई मार्ग पर रूपनी चौराहे स्थित होटल रुद्राक्ष में जैसे ही आरोपी दीपक नाथ ने 6 हजार रुपये की रिश्वत ली, लोकायुक्त दल ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद पटेल के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में निरीक्षक हिना डाबर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक श्याम शर्मा, मोहम्मद इसरार और उमेश जाटव सहित 10 सदस्यीय दल शामिल रहा। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Leave A Reviews