
पन्ना अंतर्गत शाहनगर वन परिक्षेत्र के ग्राम बुधरौड (रामपुरा) में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सड़क किनारे टहलने निकले एक अधेड़ ग्रामीण पर जंगली सूअर ने अचानक हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों को देखकर सूअर जंगल की ओर भाग निकला। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बुधरौड निवासी 50 वर्षीय दयाराम यादव शुक्रवार सुबह गांव के बाहर मुख्य सड़क की ओर रोजाना की तरह टहलने निकले थे। इसी दौरान जंगल की ओर से आए एक आक्रामक जंगली सूअर ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। सूअर के इस हमले में दयाराम के चेहरे, आंख के ऊपरी हिस्से और दोनों पैरों पर गहरे घाव आए हैं। हमले के दौरान दयाराम ने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से मदद की गुहार लगाई, जिसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों का हुजूम देख जंगली सूअर जंगल की तरफ भाग खड़ा हुआ।
घटना की सूचना तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को दी गई, जिस पर परिक्षेत्र सहायक टिकरिया श्रीनिवास पांडेय और सुरक्षा श्रमिक मूरत सिंह बिना देर किए मौके पर पहुंचे। वन विभाग के अमले ने तत्परता दिखाते हुए घायल दयाराम यादव को प्राथमिक स्थिति का जायजा लेकर तुरंत 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा घायल के चेहरे और पैरों पर आए घावों का समुचित उपचार किया जा रहा है। वन अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए शासन के नियमानुसार सहायता प्रकरण तैयार करने की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Leave A Reviews