
रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के प्रतिष्ठित पीएमश्री मॉडल साइंस कॉलेज से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक शिक्षक द्वारा बीए प्रथम वर्ष की छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने और उसे अपने रूम पर बुलाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज छात्रों ने बुधवार को कॉलेज परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित छात्रा की शिकायत के अनुसार, भूगोल (Geography) पढ़ाने वाले शिक्षक अमित साहू पिछले कुछ समय से उसे परेशान कर रहे थे। शिक्षक ने छात्रा को वॉट्सएप पर मैसेज कर लिखा, "तुम मुझे अच्छी लगती हो, रूम पर आ जाओ।" जब छात्रा ने विरोध किया या आनाकानी की, तो आरोपी उसे धमकाने लगा। शिक्षक ने मैसेज में लिखा, "मैं नहीं चाहता कि कोई परेशानी हो तुम्हें। ठीक है, सोच लो फिर। तुम्हारा कोई मन हो तो मुझे बता देना।"
छात्रा ने बताया कि अमित साहू (निवासी सागर) पिछले एक साल से कॉलेज में पढ़ा रहा है। वह क्लास के दौरान भी निजी बातचीत करने की कोशिश करता था। छात्रा ने कहा कि "शिक्षक होने के नाते मैं मजबूरी में उनके मैसेज का जवाब देती रही, लेकिन जब उनके इरादे गलत लगने लगे तो मैंने उन्हें समझाने की कोशिश की। इसके बावजूद वे नहीं माने, तब जाकर मैंने परिजनों और कॉलेज प्रबंधन को इसकी जानकारी दी।"
जब छात्रा ने हिम्मत जुटाकर कॉलेज प्रबंधन से शिकायत की और मैसेज के स्क्रीनशॉट सबूत के तौर पर दिखाए, तो आरोपी शिक्षक ने उसे डराना शुरू कर दिया। पीड़िता के मुताबिक, अमित साहू ने उससे कहा, "तुमने मेरा विश्वास तोड़ा है। अब किसी से कुछ मत कहो और सारे मैसेज डिलीट कर दो, वरना ठीक नहीं होगा।"
कॉलेज प्रबंधन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 4 अप्रैल को एक जांच कमेटी गठित की थी। पूछताछ के दौरान आरोपी अमित साहू ने कमेटी के सामने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि "गलती हो गई, आगे से ऐसा नहीं होगा।" हैरानी की बात यह है कि शिक्षक द्वारा गुनाह कबूलने के बाद भी बुधवार तक प्रबंधन ने उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
शिक्षक को बचाए जाने के आरोपों के बीच बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि ऐसे चरित्रहीन शिक्षक को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में किसी अन्य छात्रा के साथ ऐसा व्यवहार न हो। फिलहाल, कॉलेज परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस भी मामले पर नजर रख रही है।
Leave A Reviews