
छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के बैंक खाते से कथित रूप से नशा देकर करीब दो लाख रुपए निकाल लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिछले सात दिनों से न्याय की मांग को लेकर थाने के बाहर बेंच पर बैठा हुआ है।
पीड़ित रवि चतुर्वेदी, निवासी भोजपुर (बेलाताल, महोबा, उत्तर प्रदेश), ने आरोप लगाया कि चार से पांच लोगों ने रिश्तेदारी का झांसा देकर उन्हें नैगुवां बुलाया, जहां उन्हें नशीला पदार्थ देकर बेहोश कर दिया गया। इसी दौरान उनके बैंक खाते से लगभग डेढ़ से दो लाख रुपए निकाल लिए गए।
रवि के अनुसार, यह राशि प्रधानमंत्री आवास योजना और दिव्यांग पेंशन से जुड़ी उनकी वर्षों की जमा पूंजी थी। होश में आने के बाद जब उन्होंने बैंक जाकर खाता जांचा, तो बैलेंस शून्य मिला।
घटना के बाद से रवि चतुर्वेदी नौगांव थाने के बाहर ही एक बेंच पर डेरा डाले हुए हैं। वे वहीं दिन-रात बैठकर न्याय की मांग कर रहे हैं और स्थानीय लोगों की मदद से भोजन कर रहे हैं।
पीड़ित ने जय सिंह राजपूत, छत्तू दीक्षित, कल्लू कुशवाहा और अशोक राजपूत पर वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि पुलिस आरोपियों को थाने लाकर समझौते का दबाव बनाती है और बाद में छोड़ देती है।
रवि ने कहा कि उन्हें आंशिक रकम देकर मामला रफा-दफा करने का प्रस्ताव भी दिया गया, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया। उनका कहना है कि जब तक पूरी राशि वापस नहीं मिलेगी, वे थाने के बाहर से नहीं हटेंगे।
मामले को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, जबकि पीड़ित का आरोप है कि उसे लगातार आश्वासन देकर टाला जा रहा है।
Leave A Reviews