
मुरैना जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात नेशनल हाईवे-44 पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो मौसेरे भाई और उनका एक गहरा दोस्त शामिल था, जो ग्वालियर से राजस्थान के प्रसिद्ध करौली माता मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत छौंदा पुल के पास रात करीब 1:30 बजे हुआ। ग्वालियर के सिरोल डोंगरपुर क्षेत्र में रहने वाले तीन दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर राजस्थान जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के प्रभाव से तीनों युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे का शिकार हुए तीनों युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के झांसी क्षेत्र के रहने वाले थे और ग्वालियर में मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवनयापन कर रहे थे:
अरुण प्रजापति (22 वर्ष): निवासी रमुआ गांव। अरुण ग्वालियर में फास्टफूड का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
विशाला वर्मा (22 वर्ष): निवासी डोंगरपुर गांव। विशाल मजदूरी करता था।
शिवम वर्मा (17 वर्ष): निवासी डोंगरपुर गांव। शिवम और विशाल आपस में मौसेरे भाई थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुँचाया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर सुनते ही डोंगरपुर और रमुआ गांव में मातम छा गया है।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हाईवे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर भागने वाले वाहन की पहचान की जा सके।
Leave A Reviews