
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा-भायंदर क्षेत्र में शुक्रवार रात एक भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। इंद्रलोक इलाके की झुग्गी बस्ती में लगी आग में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं।
बताया जा रहा है कि रात करीब 8:30 बजे आग लगी और तेजी से पूरी बस्ती में फैल गई। आग के दौरान कई एलपीजी सिलेंडर फटने से स्थिति और भयावह हो गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। राहत और बचाव कार्य के दौरान करीब 24 गैस सिलेंडर मौके से बरामद किए गए।
अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में 30 से 35 झोपड़ियां पूरी तरह नष्ट हो गईं। आग में झुलसे तीन लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जो बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
Leave A Reviews