Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

उज्जैन में शाही मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई जारी, पुलिस अलर्ट


उज्जैन. शाही मस्जिद के पास छत्री चौक क्षेत्र में सोमवार को हुए विवाद के बाद मंगलवार को भी पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. मस्जिद के सड़क चौड़ीकरण में बाधक बताए जा रहे हिस्से को हटाने की कार्रवाई जारी है. संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और पुलिस बल लगातार निगरानी कर रहा है.

जानकारी के मुताबिक, प्रशासन और शाही मस्जिद कमेटी के बीच हुई बातचीत के बाद मस्जिद के बाधक हिस्से को हटाने पर सहमति बनी थी. इसके बाद कमेटी की ओर से अपने स्तर पर संबंधित हिस्से को हटाने का काम शुरू किया गया. प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में बैरिकेडिंग और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए.

सोमवार को कार्रवाई के दौरान अचानक विरोध बढ़ गया था. कुछ लोगों ने बैरिकेड्स हटाने का प्रयास किया, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुटने लगी. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और बल प्रयोग किया. कुछ समय बाद दोबारा नारेबाजी और पथराव की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला.

प्रशासन की ओर से लगातार लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने की अपील की गई. संवेदनशील इलाकों में ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की गई, जबकि पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखी.

शहरकाजी ने भी की थी शांति की अपील

कार्रवाई से पहले रविवार रात प्रशासन ने क्षेत्र में मशीनरी और पुलिस बल तैनात कर दिया था. हालांकि, रात में कोई जल्दबाजी नहीं की गई. सोमवार सुबह शहरकाजी खलीकुर्रहमान ने वीडियो संदेश के जरिए सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई पर सहमति जताते हुए लोगों से घरों में रहने और शांति बनाए रखने की अपील की थी.

इसके बाद मस्जिद कमेटी ने अपने खर्च पर बाधक हिस्से को हटाने की प्रक्रिया शुरू की. हालांकि, बाद में क्षेत्र में विरोध बढ़ गया और बैरिकेड्स हटाने के साथ पथराव की स्थिति उत्पन्न हो गई. फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है.

Date & Time : 2026-09-29 06:11:22

Share:

Leave A Reviews

Related News