Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

ग्वालियर में 20 रुपये के मोमोज को लेकर विवाद, छात्र के चेहरे पर खौलता तेल फेंका


ग्वालियर. शहर के हजीरा थाना क्षेत्र में महज 20 रुपये के मोमोज को लेकर हुआ विवाद बेहद गंभीर वारदात में बदल गया. पुरानी रेशम मिल चौराहे पर मोमोज की प्लेट में कम पीस मिलने की शिकायत करना 18 वर्षीय छात्र को भारी पड़ गया. आरोप है कि ठेले पर मोमोज बेचने वाले युवक ने गुस्से में कड़ाही में रखा खौलता तेल छात्र के चेहरे पर फेंक दिया.

तेल की चपेट में आने से छात्र का चेहरा और कान बुरी तरह झुलस गए. अचानक हुई इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वारदात के बाद आरोपी ठेला छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी है.

जानकारी के मुताबिक, घायल छात्र की पहचान शिवा उर्फ चेतन भदौरिया (18) के रूप में हुई है. वह न्यू रेशम मिल, प्रगति नगर का रहने वाला है. बताया गया कि शाम करीब सात बजे शिवा अपने दोस्तों गोलू खान और विकास राजपूत के साथ जिम जाने के लिए निकला था.

कम मोमोज मिलने पर हुआ विवाद

रास्ते में तीनों दोस्त पुरानी रेशम मिल चौराहे पर स्थित मोमोज के ठेले पर रुके. यहां शिवा ने 20 रुपये के मोमोज का ऑर्डर दिया. कुछ देर बाद विक्रेता ने उसे प्लेट दी. प्लेट में मोमोज की संख्या कम देखकर शिवा ने विक्रेता से इसकी शिकायत की और अधिक मोमोज देने की बात कही.

इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि मोमोज बेचने वाले ने कड़ाही से खौलता हुआ तेल उठाकर शिवा के चेहरे की ओर फेंक दिया. गर्म तेल पड़ते ही छात्र दर्द से चीख पड़ा और उसके चेहरे व कान पर गंभीर झुलसने के निशान हो गए.

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल छात्र की मदद की. वहीं, आरोपी मौके से भाग निकला. मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

Date & Time : 2026-10-05 06:08:45

Share:

Leave A Reviews

Related News