
बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में बुधवार दोपहर भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई। अंजड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मोहिपुरा और आसपास के इलाकों में दोपहर करीब 12 बजकर 48 मिनट पर जमीन में कंपन महसूस हुआ। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.4 मापी गई है। झटके इतने तेज थे कि लोग घबराकर अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
ग्राम मोहिपुरा के निवासियों ने बताया कि दोपहर के समय अचानक तेज कंपन हुआ जो करीब दो मिनट तक जारी रहा। स्थानीय निवासी लोकेंद्र सिंह तोमर के अनुसार, वे घर पर आराम कर रहे थे तभी अचानक तेज झटके महसूस हुए। ग्रामीणों ने अपने घरों में रखे बर्तन, फर्नीचर और छत के पंखों को हिलते देखा। पहली बार इस तरह के झटके महसूस होने से लोग काफी डरे हुए नजर आए और लंबे समय तक घरों के बाहर खुले मैदान में एकत्र रहे।
जिला मुख्यालय पर संचालित भूकंप केंद्र और इंदिरा सागर पावर स्टेशन की वेधशाला में भी इस हलचल को दर्ज किया गया है। भूकंप केंद्र के ऑपरेटर हुकुम कुमार ने बताया कि एमईक्यू (माइक्रोअर्थक्विक) मशीन ने 12:48 बजे कंपन दर्ज किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मशीन 40 से 50 किलोमीटर के दायरे में होने वाली जमीनी हलचल की सटीक तीव्रता दर्ज करती है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की वेबसाइट पर भी इस भूकंप की पुष्टि की गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांत रहने की अपील की गई है।
Leave A Reviews