
उमरिया जिले के चंदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरा गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक नाबालिग किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चंदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि किशोर की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई हो सकती है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चंदिया नगर के वार्ड क्रमांक 8 निवासी अनिकेत बर्मन के रूप में हुई है। बताया गया है कि अनिकेत मंगलवार सुबह घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
रात के समय देवरा गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक क्षत-विक्षत शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए शव की शिनाख्त कराई, जिसके बाद उसकी पहचान अनिकेत बर्मन के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि मृतक अपने दो भाइयों में बड़ा था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
चंदिया थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Leave A Reviews