
दमोह जिले में स्थित पन्ना टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के मडियादो बफर क्षेत्र से वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक रोचक व दुर्लभ खबर सामने आई है। प्रसिद्ध धार्मिक व पर्यटन स्थल गौमुख धाम के समीप एक प्राकृतिक गुफा में मादा लकड़बग्घे (हायना) ने चार नन्हे बच्चों को जन्म दिया है। सोमवार को जब कुछ स्थानीय श्रद्धालु और सैलानी गुफा के करीब से गुजर रहे थे, तभी उन्हें अंदर से शावकों की आवाजें सुनाई दीं। नजदीक जाकर देखने पर गुफा में चार नवजात बच्चे दिखाई दिए। लोगों द्वारा इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद यह तेजी से वायरल हो गया, जिसके तुरंत बाद पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन हरकत में आया।
उल्लेखनीय है कि मडियादो बफर क्षेत्र में सघन वन और अनुकूल प्राकृतिक आवास होने के कारण पिछले कुछ वर्षों में बाघ, तेंदुए, भालू और लकड़बग्घों सहित तमाम वन्यजीवों की सक्रियता में भारी इजाफा हुआ है। जिस गौमुख धाम में मादा लकड़बग्घे ने अपना सुरक्षित ठिकाना (डेन) बनाया है, वह स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों के लिए एक प्रमुख पिकनिक व दर्शनीय स्थल है। ऐसे में सामान्य दिनों में यहां लोगों की नियमित आवाजाही बनी रहती है। रिहायशी और पर्यटन स्थल के इतने करीब नवजात शावकों की मौजूदगी से एक ओर जहां ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर कौतूहल और दहशत है, वहीं दूसरी ओर खुले वातावरण में इन नन्हे शावकों पर आवारा व शिकारी कुत्तों के हमले का गंभीर खतरा भी मंडरा रहा है।
वायरल वीडियो और सूचना की पुष्टि होते ही टाइगर रिजर्व प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त शुरू कर दिए हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों और फील्ड अधिकारियों ने शावकों की 24 घंटे निगरानी के लिए गुफा के मुहाने पर दो हाई-टेक ट्रैप कैमरे लगाने का निर्णय लिया है। कैमरों के जरिए मादा लकड़बग्घा और उसके बच्चों की गतिविधियों तथा आसपास की हलचलों पर पैनी नजर रखी जाएगी।
इसके अतिरिक्त प्रबंधन ने गुफा के प्रवेश द्वार को तकनीकी और सुरक्षित तरीके से पत्थरों व झाड़ियों की मदद से इस प्रकार सीमित (संकीर्ण) करने का निर्णय लिया है, ताकि केवल मादा लकड़बग्घा ही अंदर आ-जा सके और कोई बड़ा परभक्षी या शिकारी कुत्ता भीतर घुसकर शावकों को कोई नुकसान न पहुंचा सके। वन विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे गौमुख धाम की इस गुफा के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और शोरगुल करने से बचें, ताकि वन्यजीव मां और उसके नवजात बच्चों को किसी प्रकार का तनाव न हो।
Leave A Reviews