
दमोह. मध्यप्रदेश के दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र में एक रसूखदार जनप्रतिनिधि की काली करतूत ने सबको हिला कर रख दिया है. फतेहपुर क्षेत्र के भाजपा समर्थित जनपद सदस्य कुदन आदिवासी (50) पर अपनी ही क्षेत्र की एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है. मामला तब उजागर हुआ जब पीड़िता के पेट में दर्द उठा और चिकित्सीय जांच में उसके 5 माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई.
पेट दर्द ने खोला दरिंदगी का राज
जानकारी के अनुसार, यह घटना करीब पांच माह पुरानी है, लेकिन डरी-सहमी पीड़िता ने परिजनों को कुछ नहीं बताया था. बुधवार को अचानक पेट में तेज दर्द होने पर जब परिजन उसे अस्पताल ले गए, तो डॉक्टर के खुलासे ने परिजनों के पैरों तले जमीन खिसका दी. पीड़िता ने बताया कि आरोपी कुदन आदिवासी ने उसके साथ गलत काम किया था.
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी फरार
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला थाने में 'जीरो' पर मामला दर्ज किया है. आरोपी कुदन आदिवासी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और दुष्कर्म की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया के मुताबिक, पीड़िता की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. आरोपी वर्तमान में फरार है और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं.
सियासी गलियारों में हलचल
आरोपी कुदन आदिवासी भाजपा समर्थित नेता बताया जा रहा है. उसकी पत्नी भी पहले सरपंच रह चुकी है. जहाँ एक ओर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है, वहीं बटियागढ़ जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मंगल सिंह कुशवाहा ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि यदि जनपद सदस्य दोषी पाया जाता है, तो उस पर कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए.
Leave A Reviews