
सतना। भोपाल एसटीएफ की सटीक सूचना पर कोलगवां पुलिस ने टिकुरिया टोला स्थित एक बंद गोदाम पर छापा मारकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गोदाम का ताला तोड़कर भारी मात्रा में अवैध नशीला पदार्थ बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 28 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से किराना सामान के पीछे छिपाकर रखी गई प्रतिबंधित कफ-सिरप की 60 पेटियां (कुल 7200 शीशियां) और 2 क्विंटल 60 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार और स्थानीय बाजार में जब्त कफ-सिरप की कीमत 15 लाख रुपए और गांजे की कीमत 13 लाख रुपए बताई जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई का कनेक्शन भोपाल में पकड़ी गई एक अवैध ड्रग फैक्ट्री से जुड़ा हुआ है। सीएसपी डीपी सिंह चौहान ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीते 29 मई को एसटीएफ ने भोपाल के गांधी नगर इलाके में कफ-सिरप बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। इस मामले में पुलिस ने 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी नवाब खान को गिरफ्तार किया था। रिमांड के दौरान आरोपी नवाब खान से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसकी निशानदेही और कबूलनामे के आधार पर सतना के डिलौरा (टिकुरिया टोला) स्थित इस गोदाम में दबिश दी गई और यह खेप बरामद हुई।
पुलिस ने जब गोदाम के मालिक भागवत प्रसाद द्विवेदी से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने अप्रैल 2026 में यह गोदाम रीवा के रहने वाले दो युवकों—अजय पटेल और रोहित जायसवाल को किराए पर दिया था। आरोपियों ने मकान मालिक को झांसा देने के लिए आगे किराना का सामान रख दिया था और उसके पीछे नशीली दवाओं और गांजे का अवैध कारोबार छिपा रखा था। फिलहाल एसटीएफ एसपी राहुल लोढा के कड़े निर्देश पर एसआई देवेन्द्र सिंह जादोन की टीम रीवा के इन दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
Leave A Reviews