
अनूपपुर जिले के बिजुरी में सॉल्यूशन नशा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मुख्य बाजार क्षेत्र में कुछ छोटे बच्चे जूते चिपकाने और पंचर बनाने में इस्तेमाल होने वाले सॉल्यूशन का नशा करते दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर रहा है।

वायरल वीडियो में कई मासूम बच्चों को कथित तौर पर सॉल्यूशन का नशा करते देखा जा सकता है। इसके अलावा एक व्यक्ति भी नशे की हालत में बेसुध दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का दावा है कि वह अक्सर मुख्य बाजार क्षेत्र में नशे की स्थिति में घूमता रहता है और कई बार असामान्य हरकतें करता है, जिससे आसपास के लोगों में असुरक्षा की भावना बनी रहती है।

हाल ही में पुलिस प्रशासन ने "नशे से दूरी है जरूरी" अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया था। लेकिन अब सामने आए इस वायरल वीडियो ने अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में बच्चों द्वारा खुलेआम सॉल्यूशन का सेवन किए जाने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह सॉल्यूशन बच्चों तक कैसे पहुंच रहा है और इसकी बिक्री पर निगरानी क्यों नहीं की जा रही है।
मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो यह बच्चों के भविष्य और समाज दोनों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
नोट: यह खबर वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों के दावों पर आधारित है। संबंधित प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया या कार्रवाई की पुष्टि सामने आने पर खबर को अपडेट किया जा सकता है।
Leave A Reviews