
सीधी जिले में सोमवार की दोपहर एक बेहद दर्दनाक और बड़ा हादसा सामने आया है। रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सोन नदी के प्रसिद्ध भंवरसेन घाट पर पिकनिक मनाने आए चार युवक-युवतियां नदी में नहाते समय गहरे पानी और तेज भंवर की चपेट में आकर डूब गए। देखते ही देखते चारों लोग नदी के गहरे पानी में समा गए, जिससे घाट पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची प्रशासन और पुलिस की टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तुरंत बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बचाव दल ने एक युवती का शव बरामद कर लिया है, जबकि तीन अन्य लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
यह पूरी घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। मैहर जिले से एक परिवार अपने रिश्तेदारों और बच्चों के साथ भंवरसेन घाट पर पिकनिक मनाने और घूमने आया था। दोपहर के समय जब चारों युवक-युवतियां नदी में नहाने के लिए उतरे, तो वे पानी की गहराई और वहां मौजूद खतरनाक भंवर का अंदाजा नहीं लगा पाए। हादसे की खबर मिलते ही तहसीलदार रामपुर नैकिन आशीष मिश्रा, रामपुर नैकिन थाना पुलिस और खड्डी चौकी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने बिना वक्त गंवाए एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय गोताखोरों की टीम को बुलाकर नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया।
रेस्क्यू टीम को तलाशी अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर नदी के बहाव में एक युवती का शव तैरता हुआ मिला। शव को पानी से बाहर निकालकर जब शिनाख्त की गई, तो उसकी पहचान ज्योति सेन (24 वर्ष), निवासी बूढ़ा बाउर, थाना रामनगर, जिला मैहर के रूप में हुई है। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। तहसीलदार आशीष मिश्रा ने बताया कि आशंका है कि सभी लोग नदी के उसी गहरे भंवर में फंस गए थे, जो इस घाट की सबसे खतरनाक पहचान मानी जाती है। इसी कारण वे चाहकर भी पानी से बाहर नहीं निकल सके।
इस भीषण हादसे में अभी भी तीन लोग लापता हैं, जिनकी तलाश में गोताखोर लगातार नदी की गहराईयों को खंगाल रहे हैं। लापता लोगों में सुभी सेन (15 वर्ष), पिता रामदयाल सेन (निवासी बूढ़ा बाउर, जिला मैहर), नीलू बैस (22 वर्ष), पिता लल्लू बैस (निवासी बूढ़ा बाउर, जिला मैहर) और लखन केवट (26 वर्ष), पिता मोहनलाल केवट (निवासी घोगटपुर, जिला राजगढ़) शामिल हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, भंवरसेन घाट अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण हर साल बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है, लेकिन नदी का अंदरूनी तेज बहाव और छिपे हुए भंवर इसे बेहद जानलेवा बनाते हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की कड़ी निगरानी में तीनों लापता युवाओं की खोजबीन के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
Leave A Reviews