
शहडोल. जिले के ग्राम कोठिया में बेटे की हत्या के बाद फरार चल रहे आरोपी पिता की पांचवें दिन मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक 55 वर्षीय नंदकुमार सिंह गोंड ने मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने आकर जान दे दी. पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में दो अक्टूबर से लगातार जंगलों में सर्चिंग कर रही थीं. उसका शव हत्या की जगह से करीब तीन किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर मिला.
पुलिस के अनुसार दो अक्टूबर को ग्राम कोठिया में नंदकुमार का अपने बेटे सिंघराज सिंह गोंड से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद बढ़ने पर नंदकुमार ने कथित तौर पर बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण सिंघराज की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी वहां से भागकर आसपास के घने जंगल में जाकर छिप गया.
ग्रामीणों के साथ रात तक चलती रही तलाश
हत्या की सूचना मिलने के बाद ब्यौहारी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की. थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा के अनुसार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं. पुलिसकर्मी ग्रामीणों की मदद से लगातार जंगलों में सर्चिंग कर रहे थे.
पुलिस और ग्रामीणों ने सोमवार रात भी जंगल में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया. करीब 100 से अधिक ग्रामीणों के साथ रात दो बजे तक सर्चिंग की गई, लेकिन घना जंगल और अंधेरा होने के कारण आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका.
भांजे से फोन पर की थी बात
इस बीच आरोपी की अपने भांजे से फोन पर हुई बातचीत का एक ऑडियो सामने आया है. बताया जा रहा है कि जंगल में छिपे नंदकुमार ने फोन पर घटना को लेकर पछतावा जताया था. उसने कथित तौर पर कहा कि उसे समझ नहीं आ रहा कि उससे यह हत्या कैसे हो गई. बातचीत के बाद उसने मोबाइल फोन बंद कर लिया था.
रेलवे ट्रैक पर मिला शव
मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने हत्या स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा. सूचना मिलने पर ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.
पुलिस ने शव की पहचान नंदकुमार सिंह गोंड के रूप में की, जो बेटे की हत्या के मामले में फरार चल रहा था. पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अब पुलिस आरोपी की मौत के पीछे की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
Leave A Reviews