
भिंड. मध्य प्रदेश के भिंड जिले से गुजरने वाले ग्वालियर-इटावा हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत 'टोड़े वाली माता' मंदिर के पास यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार स्लीपर बस डंपर और गैस सिलेंडरों से लदे वाहन से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बस के सड़क पर पलटते ही चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
रेस्क्यू ऑपरेशन: सूचना मिलते ही गोहद चौराहा पुलिस और स्थानीय प्रशासनिक दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
अस्पताल में भर्ती: पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बस के शीशे तोड़कर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से जख्मी यात्रियों का इलाज जारी है।
शव की शिनाख्त: पुलिस मृत महिला के शव को पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर उसकी पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहनों की तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर माना जा रहा है। दुर्घटना के कारण हाईवे पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा, जिसे क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त स्लीपर बस और वाहनों को किनारे करवाकर सुचारु कराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
Leave A Reviews