Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

28 पंचायतों में पहुंचा फायर फाइटर टैंकर, आग बुझाने से लेकर पौधों की सिंचाई तक करेगा काम,सोलर सिस्टम से हर हाल में रहेगा चालू

चिचोली, देशबंधु। गर्मी के मौसम में बढ़ते पेयजल संकट और ग्रामीण अंचलों में आगजनी जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए क्षेत्र में एक बहुउद्देश्यीय पहल की गई है। बुधवार को विधायक निवास भौंरा में आयोजित कार्यक्रम में विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके ने विधायक निधि से तैयार कराए गए फायर फाइटर युक्त वाटर टैंकर 28 ग्राम पंचायतों को वितरित किए। खास बात यह है कि इन टैंकरों को केवल पानी ढोने तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इन्हें इस तरह विकसित कराया गया है कि ये गांवों की कई जरूरतों को एक साथ पूरा कर सकें। कार्यक्रम में विधि-विधान से टैंकरों का पूजन कर विधायक ने हरी झंडी दिखाकर इन्हें पंचायतों के लिए रवाना किया। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधि, सरपंच, सचिव, विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र मालवी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

जरूरतों के अनुरूप तैयार कराया गया विशेष सिस्टम

इन टैंकरों में फायर फाइटर इंजन और स्प्रिंकलर सिस्टम विधायक द्वारा अलग से लगवाया गया है। इसे इस तरह डिजाइन कराया गया है कि यह केवल आग बुझाने में ही नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में पानी की आपूर्ति, गांवों में पौधारोपण के बाद पेड़ों की सिंचाई, सड़कों पर धूल नियंत्रण और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई जैसे कार्यों में भी उपयोगी साबित हो सके। इसके साथ ही टैंकरों में सोलर ऊर्जा आधारित प्लेट भी लगाई गई है, जिससे बिजली नहीं होने की स्थिति में भी यह सिस्टम निर्बाध रूप से कार्य करता रहेगा। ग्रामीण अंचलों में जहां फायर ब्रिगेड की तत्काल उपलब्धता नहीं होती, वहां ये टैंकर पहली प्रतिक्रिया के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

गांव-गांव में मिलेगा बहुउपयोगी लाभ

धपाड़ा, झोली, बंजारीढाल, बांसपुर, मर्दवानी, आमढ़ाना, पीसाजोड़ी, पाढर, रामपुर, शक्तिगढ़, सातलदेही, चोपना, गोपीनाथपुर, बांसपानी, मलाजपुर, चूड़िया, चूनाहजूरी, गोधना, तारमखेड़ा, बीजादेही, कछार, कुण्डी, केसिया, भौंरा, पहावाड़ी, सालीमेट, तारा और टांगनामाल जैसे गांवों में ये टैंकर अब नियमित उपयोग में आएंगे। इन क्षेत्रों में गर्मी के दौरान पानी की कमी के साथ-साथ खेत-खलिहानों और जंगल से लगे इलाकों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं, ऐसे में यह पहल राहत का आधार बनेगी।

हर जरूरत को ध्यान में रखकर किया गया निर्माण

विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके ने कहा कि इन टैंकरों को क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार कराया गया है। हमने प्रयास किया है कि एक ही संसाधन से गांवों की कई समस्याओं का समाधान हो सके। ये टैंकर पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ आगजनी पर नियंत्रण, पौधों की सिंचाई और अन्य आवश्यक कार्यों में भी उपयोगी रहेंगे। इससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा और आपात स्थिति में त्वरित मदद सुनिश्चित हो सकेगी।

राहत के साथ सुरक्षा की दिशा में कदम

यह पहल केवल सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण सुरक्षा और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की दिशा में भी एक ठोस कदम मानी जा रही है। एक ही टैंकर के माध्यम से पेयजल, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों को जोड़कर क्षेत्र में विकास का एक व्यावहारिक मॉडल प्रस्तुत किया गया है।

Share:

Leave A Reviews

Related News