नई दिल्ली, 19 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के उपराज्यपाल टीएस संधू ने शुक्रवार को उत्तर जिले के सब्जी मंडी क्षेत्र में पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा संचालित समर्पित महिला पुलिस थाने का उद्घाटन किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह थाना महिलाओं को अपनी शिकायतें दर्ज कराने के लिए सुरक्षित माहौल प्रदान करेगा।
![]()
नई दिल्ली, 19 जून (आईएएनएस)। दिल्ली के उपराज्यपाल टीएस संधू ने शुक्रवार को उत्तर जिले के सब्जी मंडी क्षेत्र में पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा संचालित समर्पित महिला पुलिस थाने का उद्घाटन किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह थाना महिलाओं को अपनी शिकायतें दर्ज कराने के लिए सुरक्षित माहौल प्रदान करेगा।
उपराज्यपाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सुरक्षित और सशक्त महिला ही प्रगतिशील समाज की नींव होती है।
उन्होंने 'एक्स' पर अपने संदेश में कहा, ''हम सभी मिलकर एक सुरक्षित, समावेशी और सशक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार काम करते रहेंगे।''
उपराज्यपाल टीएस संधू ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस सोच से प्रेरित होकर कि नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है, यह महत्वपूर्ण संस्थान महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने, न्याय पाने और बिना किसी डर के सहायता प्राप्त करने के लिए सहयोगी और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराएगा।''
यह नया पुलिस थाना पूरी तरह महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित होगा। इसे महिलाओं के प्रति अधिक संवेदनशील पुलिस व्यवस्था की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यहां महिलाओं के खिलाफ अपराधों, जैसे घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न और पीछा करने (स्टॉकिंग) के मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बाद में उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस की महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी प्रमुख पहलों, जैसे पिंक बूथ और ‘सशक्ति’ अभियान की भी समीक्षा की।
उन्होंने पुलिस विभाग को राजधानी में ऐसे और महिला थाने स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि महिला अनुकूल पुलिसिंग और त्वरित कानून व्यवस्था की नई मिसाल कायम की जा सके।
इससे पहले उपराज्यपाल ने डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित 'अच्छे शासन के लिए एआई' विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी में मुख्य वक्तव्य भी दिया।
उन्होंने एक्स पर अपने संदेश में कहा, ''कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) शासन व्यवस्था को केवल प्लेटफॉर्म आधारित प्रणाली से आगे बढ़ाकर बुद्धिमत्ता आधारित प्रणाली में बदलने के अभूतपूर्व अवसर प्रदान करती है। इन प्रणालियों को सार्थक परिणाम देने के लिए भारत की भाषाई, सांस्कृतिक और सामाजिक-आर्थिक विविधता को प्रतिबिंबित करना होगा, न कि उसे सीमित रूप में प्रस्तुत करना होगा।''
उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप भारत की जरूरतों के अनुसार स्वदेशी एआई क्षमताओं का निर्माण, जो पारदर्शिता, डेटा गोपनीयता और जनविश्वास पर आधारित हो, राष्ट्रीय प्राथमिकता बनी हुई है।''
एलजी टीएस संधू ने कहा, ''नीति निर्माताओं, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत के नेताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है कि ये परिवर्तनकारी तकनीकें जवाबदेही को मजबूत करें, सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाएं, नागरिकों को सशक्त करें और विकसित भारत तथा भविष्य के लिए तैयार विकसित दिल्ली के लक्ष्य को तेजी से आगे बढ़ाएं।''
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
Leave A Reviews