
मुरैना. मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सुमावली स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा तकनीकी रेल हादसा सामने आया है। ग्वालियर से कैलारस की ओर जा रही मेमू (MEMU) इलेक्ट्रिक ट्रेन का अचानक ओएचई (OHE) लाइन से करंट लेने वाला हैंडल (पेंटोग्राफ) टूट गया। इसके चलते ट्रेन का विद्युत संचालन पूरी तरह ठप हो गया और गाड़ी के पहिए बीच रास्ते में ही थम गए। अचानक बीच ट्रैक पर ट्रेन रुकने से यात्रियों में हड़कंप मच गया।
परिवहन का एकमात्र साधन बंद होने से यात्री बेहाल यह मेमू ट्रेन वर्तमान में केवल ग्वालियर से कैलारस के बीच संचालित की जा रही है, जबकि इसके आगे ब्रॉडगेज लाइन के सर्वेक्षण का कार्य पूरा हो चुका है। इस पूरे क्षेत्र में स्थानीय लोगों के लिए यह ट्रेन परिवहन का एकमात्र और सबसे किफायती साधन है। ट्रेन के अचानक ठप हो जाने के कारण सुमावली, जौरा और कैलारस स्टेशनों पर हजारों यात्री बीच रास्ते में ही फंस गए।
स्थानीय यात्रियों को मजबूरी में स्टेशनों से वापस अपने घरों की ओर लौटना पड़ा, जबकि अन्य शहरों और बाहर से आए यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। उन्हें महंगे किरायों पर प्राइवेट वाहनों (जैसे बस, जीप और ऑटो) का सहारा लेकर जौरा और कैलारस के लिए रवाना होना पड़ा।
स्टेशन मास्टर का बयान: 2 घंटे में ठीक होगी खराबी सुमावली स्टेशन मास्टर अनिल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रेन में अचानक गंभीर तकनीकी खराबी (Technical Snag) आ गई थी, जिसके कारण इंजन का करंट हैंडल क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि रेलवे के तकनीकी दल और इंजीनियर्स को तुरंत मौके पर भेज दिया गया है और मरम्मत का काम तेजी से जारी है। स्टेशन मास्टर ने आश्वासन दिया है कि अगले दो घंटे के भीतर तकनीकी खामी को दुरुस्त कर ट्रेन का संचालन दोबारा सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
Leave A Reviews