
नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और संभावित युद्धविराम को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई तरह के दावे सामने आ रहे हैं। इसी बीच ईरानी सूत्रों ने दावा किया है कि अमेरिका कतर और अन्य विदेशी बैंकों में फ्रीज की गई ईरान की अरबों डॉलर की संपत्तियों को जारी करने पर सहमत हो गया है।
सूत्रों के अनुसार यह राशि करीब 6 अरब डॉलर बताई जा रही है, जिसे वर्ष 2018 में अमेरिकी प्रतिबंधों के बाद फ्रीज किया गया था। दावा किया गया कि यह कदम क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा, खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया जा सकता है।
हालांकि, व्हाइट हाउस ने इन सभी दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है और स्पष्ट किया है कि अमेरिका की ओर से ऐसी किसी भी सहमति पर कोई फैसला नहीं लिया गया है।
यह फंड मूल रूप से दक्षिण कोरिया से ईरान के तेल निर्यात से प्राप्त हुआ था, जिसे पहले दक्षिण कोरियाई बैंकों में रखा गया था और बाद में 2023 में कैदियों की अदला-बदली समझौते के तहत कतर के खातों में स्थानांतरित किया गया था।
उस समझौते के अनुसार, इन फंड्स का उपयोग केवल मानवीय कार्यों जैसे भोजन, दवा, चिकित्सा उपकरण और कृषि उत्पादों के लिए किया जाना था, और यह अमेरिकी ट्रेजरी की निगरानी में रखा गया था।
वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम करने और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने को लेकर कुछ स्तर पर बातचीत की खबरें भी सामने आई हैं, हालांकि दोनों देशों के बीच किसी औपचारिक शांति समझौते की पुष्टि नहीं हुई है।
Leave A Reviews