Office Address

Address Display Here

Phone Number

+91-9876543210

Email Address

info@deshbandhu.co.in

अरुणाचल के CM पेमा खांडू ने राज्य में चीनी घुसपैठ के दावों को किया खारिज


ईटानगर. अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने भारतीय सीमा में चीन की घुसपैठ के हालिया दावों को खारिज किया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि जमीनी स्तर पर ऐसी कोई घुसपैठ नहीं हुई है।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "हमें नहीं लगता है कि इस प्रकार से (चीन की ओर से) घुसपैठ हुई है। वहां पर हमारी भारतीय सेना तैनात है और हमारी सेना सीमा को नियंत्रित कर रही है।"

उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने स्तर पर एक बार फिर इसका सत्यापन करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, "स्थानीय लोगों को मैंने बुलाया है। उनकी बातों को सुना जाएगा और बाद में भारतीय सेना से भी बात की जाएगी कि असल में क्या हुआ है। इस तरह मैं अपने स्तर पर एक बार फिर इसका सत्यापन करूंगा।"

उनके यह बयान ऐसे समय आया है, जब सोशल मीडिया पर एलएसी के पास अरुणाचल प्रदेश में घुसपैठ की खबरें चल रही हैं।

पिछले महीने, अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नटुंग ने चीनी घुसपैठ के दावों को खारिज किया था। साथ ही, उन्होंने मीडिया से अपील की थी कि वे ऐसी खबरें सार्वजनिक करने से पहले उनकी सच्चाई की जांच कर लें।

उन्होंने अपने एक बयान में कहा, "अरुणाचल प्रदेश में कोई चीनी घुसपैठ नहीं हुई है। हमारे सैनिक भारत माता की रक्षा के लिए सीमाओं पर चौबीसों घंटे तैनात हैं। मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि चीन की हिम्मत नहीं है कि वह भारतीय इलाके में एक इंच भी आगे बढ़ सके। ये दावे सिर्फ अफवाहें हैं और इन पर यकीन नहीं किया जाना चाहिए।"

वहीं, जून में भारतीय सेना ने चीनी घुसपैठ की खबरों का खंडन किया था। दावे किए गए थे कि चीन की पीएलए ने अरुणाचल प्रदेश में घसुपैठ करके कैंप बनाए हैं। भारतीय सेना ने इन दावों को 'गलत और बेबुनियाद' बताया था।

Share:

Leave A Reviews

Related News